दिल्ली सरकार युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र बनाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस केंद्र में उद्योगों की जरूरतों के अनुसार आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खास तौर पर 12वीं पास युवाओं के लिए ITI की तर्ज पर रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। वहीं, महिलाओं को बेकरी, ब्यूटी, फैशन डिजाइनिंग, सिलाई और हस्तशिल्प जैसे शॉर्ट टर्म कोर्स कराए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य प्रशिक्षण को केवल प्रमाणपत्र तक सीमित रखने के बजाय रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।
आठ एकड़ में बनेगा कौशल विकास केंद्र
मुख्यमंत्री के अनुसार, डेसू कॉलोनी के पास करीब आठ एकड़ जमीन पर इस केंद्र का निर्माण दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम करेगा। यहां प्रशिक्षण के लिए स्मार्ट क्लासरूम, 14 अत्याधुनिक लैब, लाइब्रेरी, लर्निंग रिसोर्स सेंटर और 250 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।
केंद्र में डिजिटल, IT, फैशन-टेक्सटाइल, ब्यूटी-वेलनेस, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग और हेल्थकेयर से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा करीब दो एकड़ में हॉर्टिकल्चर प्रशिक्षण मैदान, हॉस्टल और खेल सुविधाएं भी तैयार करने की योजना है।
महिलाओं को कारोबार शुरू करने में मिलेगी मदद
महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ स्वरोजगार शुरू करने के लिए भी सहयोग दिया जाएगा। इसके तहत बुटीक, ब्यूटी सैलून, बेकरी और टिफिन सेवा जैसे छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए मेंटरशिप, बाजार से जुड़ाव और वित्तीय सहायता के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
कामकाजी माताओं की सुविधा के लिए केंद्र में 25-25 बच्चों की क्षमता वाली दो क्रैच यूनिट भी बनाई जाएंगी। इससे प्रशिक्षण लेने वाली और कामकाजी महिलाओं को बच्चों की देखभाल में मदद मिल सकेगी।
डिजिटल सेवाओं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भी ट्रेनिंग
केंद्र का अकादमिक और तकनीकी संचालन डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के कौशल विकास केंद्र के माध्यम से किया जाएगा। यहां संचालित होने वाले पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (NSQF) और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के मानकों के अनुरूप होंगे।
युवाओं को डिजिटल सेवाओं, IT सपोर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रिटेल और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन्हें उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तकनीकी कौशल हासिल करने और रोजगार के अवसर पाने में मदद मिलने की उम्मीद है।






































