नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) क्षेत्र के तीन प्रमुख पार्कों में पांच ‘प्रकृति कैफे’ विकसित किए जाएंगे। मंगलवार को दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा की अध्यक्षता में हुई परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। योजना के तहत लोधी गार्डन और नेहरू पार्क में दो-दो, जबकि ब्रिक्स गार्डन में एक कैफे विकसित किया जाएगा। इनका निर्माण बीओटी (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) मॉडल पर करने की योजना है।
बैठक में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, सचिव राहुल सिंह और अन्य नामित सदस्य मौजूद रहे।
244 इमारतों पर लगेंगे सोलर पैनल
परिषद ने एनडीएमसी की 244 इमारतों पर करीब 6,914 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इनमें 40 भवनों पर रेस्को मॉडल और 204 भवनों पर कैपेक्स मॉडल के तहत पैनल लगाए जाएंगे।
इसके अलावा 124 अन्य भवनों पर 8.25 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इस परियोजना के लिए सोलर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के साथ एमओयू किया गया है। करीब 54 करोड़ रुपए की इस परियोजना की अवधि 25 साल होगी।
नालों की सफाई पर 106 करोड़, सुरक्षा पर 40 करोड़
बैठक में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई और गाद निकालने पर करीब 106 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी दी गई।
इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत और रखरखाव तथा एनडीएमसी की संपत्तियों और परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 40 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए।
बिजली विभाग में भर्ती नियमों को मंजूरी
एनडीएमसी परिषद ने बिजली विभाग के विभिन्न तकनीकी पदों के भर्ती नियमों को भी मंजूरी दे दी है। इसके तहत इलेक्ट्रिकल फिटर के 20, सीनियर इलेक्ट्रिकल फिटर के 15, इलेक्ट्रिक मैकेनिक के 33, सीनियर इलेक्ट्रिक मैकेनिक के 15 और केबल, इंसुलेशन व इंस्टॉलेशन टेस्टर के 24 पद शामिल हैं।
इसके अलावा इलेक्ट्रिशियन (ऑटो) पद के भर्ती नियमों को भी मंजूरी दी गई है।


