बिलासपुर में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के 2009 से 2020 बैच तक के 250 से अधिक पूर्व विद्यार्थी एलुमिनाई रीयूनियन में शामिल हुए। वर्षों बाद पुराने सहपाठियों और शिक्षकों से मिलकर विद्यार्थियों ने स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं। इस दौरान शिक्षकों का सम्मान किया गया और एलुमिनाई नेटवर्क की शुरुआत भी हुई।
स्कूल, संस्कार और मित्रता पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण शुक्ला रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में स्कूल के प्राचार्य जसपाल मठारू मौजूद रहे। पूर्व विद्यार्थियों, DPS परिवार, हिमांशु द्विवेदी और सात्विक सिन्धु ने भी अपने विचार साझा किए।
अतिथियों ने विद्यार्थियों के जीवन में विद्यालय, संस्कार और मित्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। पूर्व विद्यार्थियों ने उन शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें शिक्षा देने के साथ जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी दिखाई।
संगीत और आतिशबाजी ने बांधा समां
रीयूनियन के दौरान मनोरंजन के लिए सूफी और बॉलीवुड संगीत का आयोजन किया गया। इसके साथ ही स्काई लैंटर्न, आतिशबाजी और डीजे ने कार्यक्रम को यादगार बनाया। पुराने दोस्तों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताया और स्कूल से जुड़ी यादें साझा कीं।
एलुमिनाई नेटवर्क से मजबूत होगा जुड़ाव
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पढ़ाई और करियर के कारण विद्यार्थी अलग-अलग शहरों और देशों में बस जाते हैं। ऐसे में समय के साथ स्कूल से उनका जुड़ाव कम हो सकता है।
एलुमिनाई रीयूनियन और नेटवर्क इस दूरी को कम करने का माध्यम हैं। इससे पूर्व विद्यार्थियों के बीच संपर्क बना रहेगा और विद्यालय से जुड़े रिश्तों, संस्कारों और साझा पहचान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।









































