भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी में शनिवार देर रात वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों ने अब सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। साथियों की गिरफ्तारी के बाद सामने आए इस वीडियो में आरोपी कहते दिख रहे हैं—
“पहली बार जेल नहीं जा रहे… और हमें जेल जाने से कोई डर नहीं लगता। जिन लोगों ने हमारी मुखबिरी की है, उन्हें नहीं छोड़ेंगे।”
एक आरोपी तो हाथ में चाकू दिखाकर यह तक कहता है—
“मुखबिरों को इसी चाकू से काटेंगे।”
वीडियो में बदमाश यह भी दावा कर रहे हैं कि अगर पुलिस उन्हें पकड़ेगी, तो वे खुलासे करेंगे कि किसके कहने पर वारदात की गई।
अड़ीबाजी के विवाद से शुरू हुआ मामला
फरियादी चंदन इंदौरिया के अनुसार, घटना के कुछ घंटे पहले वह सीहोर से लौटे थे और अपनी कार घर के सामने पार्क की थी। तभी ‘लड्डू’ नाम का आरोपी और उसके साथी वहां पहुंचे और कार देखकर गालियां देने लगे।
जब चंदन ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। डर के मारे चंदन घर में छिप गए। इसके बाद बदमाशों ने गली में खड़ी अन्य गाड़ियों के कांच भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
सोशल मीडिया पर धमकी भरा लाइव वीडियो
घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बावजूद कुछ बदमाश सोशल मीडिया पर लाइव आए और पुलिस को चुनौती देते दिखे।
वीडियो में एक युवक हाथ में चाकू लहराते हुए कह रहा है—
“हमें पुलिस पकड़कर दिखाए… तब बताएंगे किसने तोड़फोड़ करवाई।”
पुलिस का कहना है कि वीडियो तकनीकी जांच में लिया गया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने अब तक चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी पूर्व से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी—नाम और अपराध रिकॉर्ड
- अंकित यादव, पिता ओम प्रकाश यादव (24)
- निवासी: काली मंदिर के पास, थाना टीला जमालपुरा
- आर्यन पंथी, पिता इमरत लाल पंथी (20)
- निवासी: शिवालय मंदिर के पास, टीलाजमालपुरा
- 8 पुराने केस दर्ज
- अर्जुन सिंह सोंधिया, पिता बन्ने सिंह सोंधिया (22)
- निवासी: इब्राहिमगंज, भोपाल (किराएदार)
- 12 मामलों में आरोपी
- चीनू उर्फ कुनाल कुरील, पिता दुर्गेश कुरील (18)
- निवासी: काली मंदिर के पास, टीलाजमालपुरा
- 3 पुराने मामले दर्ज
पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई है।
👉 More Information ke liye visit karein: deshharpal.com

