अजाक्स के प्रांताध्यक्ष और सीनियर IAS अधिकारी संतोष वर्मा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर दिए गए अपने विवादित बयान को लेकर घिर गए हैं। बयान के वायरल होने के बाद अब उन्होंने माफी मांग ली है। दैनिक भास्कर से बातचीत में वर्मा ने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटकर चलाया गया है।
उन्होंने कहा—“मेरा पूरा भाषण 27 मिनट का था, लेकिन 2 सेकंड की क्लिप चलाकर मेरे बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।”
क्या कहा था संतोष वर्मा ने?
रविवार को हुए अजाक्स कार्यक्रम में संतोष वर्मा को प्रांताध्यक्ष चुना गया था। इसी दौरान मंच से उन्होंने कहा था—
“जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान नहीं देता या उससे संबंध नहीं बनता, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए।”
यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद सवर्ण समाज सहित कई संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
सपाक्स का कड़ा विरोध—‘इतना निकृष्ट बयान कोई नहीं दे सकता’
सपाक्स के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. हीरालाल त्रिवेदी ने वर्मा के शब्दों को निकृष्ट, निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कहा—
“जो अपनी बेटी और दूसरे की बेटी में फर्क करे, उसके लिए कोई शब्द नहीं है। चाहे अजाक्स, सपाक्स या अपाक्स—ऐसे लोगों का बहिष्कार होना चाहिए। सरकार को भी ऐसे अधिकारी को पद से हटाना चाहिए।”
त्रिवेदी ने मांग की कि पुलिस तुरंत FIR दर्ज करे और वर्मा की गिरफ्तारी हो।
मंत्रालय में आज विरोध प्रदर्शन
IAS संतोष वर्मा के बयान के खिलाफ आज मंत्रालय में बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है।
सवर्ण कर्मचारी उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष इंजीनियर सुधीर नायक ने कहा कि वे वर्मा के खिलाफ IAS सर्विस रूल के उल्लंघन में कार्रवाई की मांग करेंगे।
सांस्कृतिक संगठनों का भी विरोध
भोपाल हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने भी इस बयान को आपत्तिजनक बताते हुए सख्त नाराजगी जताई है।
ब्राह्मण समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्र ने कहा—
“जब केंद्र और राज्य सरकार बेटी-बचाओ, बेटी-बढ़ाओ, लाड़ली लक्ष्मी और बहना योजनाएं चला रही हों… तब एक IAS अधिकारी द्वारा बेटियों पर ऐसा बयान देना अक्षम्य है।”
उन्होंने साफ कहा कि जब तक IAS संतोष वर्मा को निलंबित कर गिरफ्तार नहीं किया जाता, ब्राह्मण समाज शांत नहीं बैठेगा।
👉 More Information ke liye visit karein: deshharpal.com

