मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां नगर निगम के फायरकर्मी सूरज मोरे के सामने उसके छोटे भाई आकाश मोरे (23) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में तनाव और दहशत फैल गई।
चाय की टपरी से शुरू हुआ विवाद, पहुंचा खूनी संघर्ष तक
रात करीब 10 से 11 बजे के बीच एक रेस्टोरेंट के पास यह घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरकर्मी सूरज और उसका दोस्त आशीष चाय पी रहे थे। इसी दौरान किसी लड़की को लेकर आशीष की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर आशीष ने सूरज के भाई आकाश को मौके पर बुला लिया।
दूसरी ओर, विपक्षी गुट ने भी अपने साथियों को बुला लिया। दोनों पक्षों में देखते ही देखते चाकूबाजी शुरू हो गई। झगड़े में आकाश और दूसरे गुट का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी फरार
घायल आकाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी अवध राठौड़ और तरुण कुशवाह मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और तलाश जारी है।
घटना के बाद तनाव, थाने का घेराव
घटना के बाद कोलार इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग कोलार थाने पहुंचकर देर रात तक हंगामा करते रहे। हालात को संभालने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।

समझौते के लिए बैठी पंचायत में हुआ मर्डर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लड़की को लेकर पुराने विवाद को सुलझाने के लिए समाज के वरिष्ठों ने दोनों पक्षों को रेस्टोरेंट के पास चाय की दुकान पर बुलाया था। पंचायत के ज़रिए मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन इसी बीच विवाद भड़क गया और आकाश की जान चली गई।
Permalink:www.deshharpal.com bhopal-kolar-brother-murder-knife-attack-love-dispute
