भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से जुड़े कुछ यादगार पल साझा किए। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैचों के दौरान नर्वसनेस के कारण कई बार उन्हें रात में नींद नहीं आती थी। ऐसे समय में देर रात भूख लगने पर वह अपनी मां के हाथ से बने केले के वेफर्स खाया करते थे।
रोहित शर्मा ने यह बात सोनी टीवी के नए शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में कही। कार्यक्रम में IPL टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच अभिषेक नायर भी शामिल हुए।
IPL टीम बदलने के सवाल पर बोले- हमेशा मुंबई
शो के दौरान अभिषेक नायर ने रोहित शर्मा से IPL टीम बदलने को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में रोहित ने कहा, “हमेशा मुंबई।”
रोहित लंबे समय से मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हैं और इसी टीम के साथ उनका खास जुड़ाव रहा है।
रोहित की कप्तानी में भारत ने जीते टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी। इस टूर्नामेंट के दौरान रोहित और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में टीम के खेलने के अंदाज में बदलाव देखने को मिला। हालांकि, फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद भारत ने रोहित की कप्तानी में 2024 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता।
2025 में शुभमन गिल को मिली वनडे कप्तानी
4 अक्टूबर 2025 को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे से ठीक पहले रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को भारतीय वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया था।


