कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपने आंदोलन की रणनीति में बदलाव किया है। अब 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ समेत सभी राज्यों की राजधानियों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा। इसके साथ ही पार्टी प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम एक ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करेगी, जो मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को सर्कुलर जारी किया है। इसके अनुसार, 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ अभियान के चौथे चरण के कार्यक्रम फिलहाल आगे बढ़ा दिए गए हैं। पार्टी अब राज्यों की राजधानियों और बूथ स्तर पर अभियान चलाने पर ध्यान देगी।
आंबेडकर या गांधी की प्रतिमा से शुरू होगा मार्च
निर्देशों के मुताबिक, 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से होगी। यहां कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। इसके बाद मार्च किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक निकाला जाएगा।
22 नवंबर तक नियुक्त किए जाएंगे वोट रक्षक
कांग्रेस ने अभियान से पहले बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी की है। इसके लिए 22 नवंबर तक जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकें आयोजित करने, वोट रक्षकों की नियुक्ति करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद 22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षक अपने-अपने मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में हटाए गए नामों का सत्यापन करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी मंडल अध्यक्ष रोजाना करेंगे।
15 दिसंबर तक गांवों में लगेंगी चौपाल
मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएंगी।
पार्टी ने प्रदेश और जिला इकाइयों को बैठकों, प्रशिक्षण, मतदाता सूची के सत्यापन और मार्च से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी उसी दिन सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश भी दिए हैं।
