बंडा विकासखंड में सामने आए जहरीली शराबकांड के बाद पुलिस विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान अनुराग सुजानिया ने बंडा थाना और गूगरा चौकी में तैनात 40 पुलिसकर्मियों को एक साथ लाइन हाजिर कर दिया है। इनमें एसआई, मुंशी, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं।
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों की जगह पुलिस लाइन से नए स्टाफ की तैनाती की गई है। इस कार्रवाई के बाद बंडा थाना और गूगरा चौकी का पुलिस स्टाफ बड़े स्तर पर बदल गया है।
पहले भी हो चुकी है पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई
जहरीली शराबकांड के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को उनके पद से हटा दिया गया था।
इसके बाद बंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह को सौंपी गई थी।
पुलिस लाइन से नए कर्मचारियों की तैनाती
जारी आदेश के अनुसार, बंडा थाना में पदस्थ एसआई मुन्ना लाल धुर्वे, आदिल खान समेत 40 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
इनके स्थान पर पुलिस लाइन से एसआई रामू प्रजापति, शिवम दुबे सहित प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को बंडा थाना भेजा गया है। इसके अलावा जिले के अन्य थानों में भी पुलिसकर्मियों की पदस्थापना में मामूली बदलाव किया गया है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद बंडा थाना और गूगरा चौकी में नई टीम की तैनाती कर दी गई है।

