कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि किसी भी देश की असली ताकत उसके लोग होते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का मानना था कि शांति, आजादी और विकास एक-दूसरे से जुड़े हैं और इनका लाभ गरीबों व जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए।
सोनिया गांधी गुरुवार को दिल्ली में आयोजित 2025 के इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार समारोह में बोल रही थीं। इस दौरान उन्होंने मोजाम्बिक की मानवाधिकार कार्यकर्ता और समाजसेवी ग्रासा माशेल को यह पुरस्कार प्रदान किया। समारोह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था।
ग्रासा माशेल का जीवन इंदिरा गांधी के विचारों का प्रतीक
सोनिया गांधी ने कहा कि ग्रासा माशेल का जीवन और उनका काम इंदिरा गांधी के विचारों को दर्शाता है। उन्होंने मोजाम्बिक की आजादी की लड़ाई से लेकर महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के लिए लगातार काम किया है।
सोनिया ने कहा कि ग्रासा माशेल के कार्यों के परिणाम आज भी मानवीय सहायता से जुड़े अभियानों के लिए मार्गदर्शक हैं।
शांति का मतलब सिर्फ संघर्ष खत्म होना नहीं
सोनिया गांधी ने कहा कि शांति का अर्थ केवल संघर्ष या लड़ाई का समाप्त होना नहीं है। संघर्ष से प्रभावित समुदायों को दोबारा अपना जीवन खड़ा करने और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर मिलना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी और ग्रासा माशेल दोनों का विश्वास था कि लोगों में अपना भविष्य खुद तय करने की क्षमता होती है। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि नेतृत्व का अर्थ अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का साहस और बदलाव लाने की प्रतिबद्धता है।
साहस, संवेदना और सेवा की मिसाल हैं ग्रासा माशेल
सोनिया गांधी ने ग्रासा माशेल के जीवन को साहस, संवेदना और सेवा की मिसाल बताया। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से उन्होंने माशेल को पुरस्कार के लिए बधाई दी और उनके योगदान के प्रति आभार जताया।
सोनिया ने उम्मीद जताई कि ग्रासा माशेल का जीवन और उनके काम दुनिया को ऐसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे, जहां हर बच्चे, महिला और समुदाय को सम्मान, अवसर और उम्मीद के साथ जीने का मौका मिले।

