सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में एक 57 वर्षीय गल्ला व्यापारी की दुकान में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कमलेश घोषी के रूप में हुई है। उनका शव शनिवार सुबह खमरिया स्थित दुकान में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा किया और आगे की कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, कमलेश घोषी मूल रूप से बगासपुरा के निवासी थे और वर्तमान में रहली के वार्ड क्रमांक-3 में रहते थे। वे खमरिया में किराए पर अनाज (गल्ला) की दुकान चलाते थे। परिवार का कहना है कि वे कई बार दुकान पर ही रुक जाते थे। शुक्रवार शाम को भी वे दुकान गए थे और वहीं ठहरे थे।
शनिवार सुबह जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने जानकारी ली। इसी दौरान दुकान मालिक से घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
कारण स्पष्ट नहीं, पुलिस कर रही जांच
मृतक के बेटे दीपेश घोषी ने बताया कि घटना के पीछे कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। रहली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
👉 इस खबर से जुड़ी हर अपडेट और ताज़ा जानकारी के लिए Deshharpal साइट विज़िट करें(deshharpal.com)
