गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से उज्जैन होते हुए रतलाम जा रही समय शताब्दी ट्रेवल्स की स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और पेड़ों से टकरा गई। हादसे में बस चालक, हेल्पर समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:30 बजे बिलोनिया के पास गुना बायपास मोड़ से पहले हुआ। बस यात्रियों से भरी हुई थी। इसमें छोटे बच्चों के साथ बड़ी संख्या में ऐसे श्रद्धालु भी सवार थे, जो उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस जैसे ही खाई में पलटी और पेड़ों से टकराई, स्लीपर सीटों पर सो रहे यात्री नीचे गिर पड़े। अचानक हुए हादसे से बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों में कानपुर निवासी अतुल वाजपेयी और उनकी पत्नी अल्का वाजपेयी के अलावा रेलवे भर्ती परीक्षा देने जा रहे प्रशांत गौतम भी शामिल हैं।
बस चालक राहुल मिश्रा और हेल्पर इमरान को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। अस्पताल में भर्ती चालक राहुल मिश्रा ने बताया कि बस का ऑयल अचानक निकल गया था, जिससे स्टीयरिंग जाम हो गया और बस पर नियंत्रण नहीं रहा।
हादसे की वजह पर अलग-अलग दावे
वहीं, कुछ यात्रियों का आरोप है कि रास्ते में ड्राइवर की शिफ्ट बदली गई थी और नए चालक को नींद का झोंका आने के कारण हादसा हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी और चालक की लापरवाही सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com

