बिलासपुर में एक व्यापारी को रातों-रात अमीर बनाने का सपना दिखाकर 2.50 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित (महाराज) बताकर व्यापारी को अपने जाल में फंसाया था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह दुर्ग में जाकर छिप गया था, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम रोगदा निवासी 57 वर्षीय जनकराम साहू किराना व्यवसायी हैं। 12 जून को वे खरीदारी के लिए बिलासपुर के व्यापार विहार पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात दो व्यक्तियों से हुई, जिन्होंने खुद को अयोध्या का पंडित बताकर उनसे बातचीत शुरू की।
अमीर बनाने का दिया लालच
आरोपियों ने व्यापारी को विश्वास में लेकर दावा किया कि वे विशेष पूजा और विधि के जरिए धन को दोगुना कर सकते हैं। उनकी बातों में आकर जनकराम साहू ने अपने पैसों से भरा बैग आरोपियों को सौंप दिया। मौका मिलते ही दोनों ठग 2 लाख 50 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
ठगी का अहसास होने पर व्यापारी ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी दुर्ग जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने दुर्ग के केला बाड़ी क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी हैदर अली अंसारी (60) को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं इस मामले का दूसरा आरोपी वासिम खान अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धन दोगुना करने, चमत्कार दिखाने या तंत्र-मंत्र के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अधिक खबरों और ताजा अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें www.deshharpal.com
