भारत ने हरारे में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। 126 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 13.2 ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मैच के दौरान कई ऐसे पल देखने को मिले, जिन्होंने मुकाबले को खास बना दिया। सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की रही, जिन्होंने रिकॉर्डतोड़ अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया।
मैच के 5 बड़े मोमेंट्स
1. वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 118 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाकर फुल मेंबर देशों के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 213 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था।
इसके साथ ही वैभव ने नेपाल के कुशल मल्ला का ओवरऑल इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
2. टी-20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में फिफ्टी
वैभव सूर्यवंशी अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 16 साल 56 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
3. मां के नाम किया अर्धशतक
फिफ्टी पूरी करने के बाद वैभव ने अपने जश्न से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने हवा में ‘A’ का साइन बनाकर अपनी मां आरती सूर्यवंशी को यह उपलब्धि समर्पित की।
4. मयंक यादव ने फिर पहली गेंद पर लिया विकेट
तेज गेंदबाज मयंक यादव ने जिम्बाब्वे की पारी की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में दूसरी बार था, जब उन्होंने पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया। इस मामले में भुवनेश्वर कुमार तीन बार ऐसा कर भारत के शीर्ष गेंदबाज हैं।
5. भारत ने 40 गेंद पहले हासिल किया लक्ष्य
भारतीय टीम ने 126 रन का लक्ष्य 40 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। 120 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह भारत का चौथा सबसे तेज सफल रनचेज रहा।
अशोक शर्मा का टी-20 डेब्यू
राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इस मुकाबले से भारत के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने 6 मैचों में 6 विकेट लिए थे। जिम्बाब्वे में टी-20 डेब्यू करने वाले वह 23वें भारतीय खिलाड़ी बने।
Read More:deshharpal.com


