भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर में प्रस्तावित सीमित ओवरों की क्रिकेट सीरीज को लेकर अब भी असमंजस बना हुआ है। इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने अपनी सरकार से भारत के साथ बातचीत कर टीम इंडिया को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की अपील की है।
भारत को बांग्लादेश दौरे पर 3 वनडे और 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। हालांकि, इस सीरीज को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक आधिकारिक मंजूरी या कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
3 पॉइंट्स में समझें पूरा मामला
1. पहले 2024 में होना था दौरा
यह सीरीज मूल रूप से वर्ष 2024 में आयोजित होनी थी। लेकिन बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल और सरकार विरोधी आंदोलन के बाद हालात बदल गए। इसके चलते दौरा स्थगित कर दिया गया। अब इसे सितंबर 2026 में कराने की तैयारी चल रही है, लेकिन भारत की अंतिम मंजूरी अभी बाकी है।
2. सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा
तमीम इकबाल ने बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शामा ओबैद इस्लाम से मुलाकात कर आग्रह किया कि सरकार भारत के साथ बातचीत करे और टीम इंडिया की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट आश्वासन दे।
3. रिश्ते सुधरे तो सीरीज संभव
हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संवाद बढ़ा है। भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को BRICS सम्मेलन का निमंत्रण दिया गया है। साथ ही दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच भी बातचीत हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि राजनीतिक संबंध सामान्य होते हैं, तो सीरीज आयोजित होने की संभावना बढ़ जाएगी।
तमीम इकबाल ने क्या कहा?
तमीम इकबाल ने कहा कि,
“हम इस सीरीज को लेकर काफी आशावान हैं, लेकिन कुछ फैसले हमारे हाथ में नहीं हैं। यह दोनों देशों की सरकारों के बीच का विषय है और वही अंतिम निर्णय लेंगी।”
BCB भारत के जवाब का इंतजार कर रहा
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड फिलहाल भारत सरकार और BCCI के फैसले का इंतजार कर रहा है। जब तक मंजूरी नहीं मिलती, तब तक ब्रॉडकास्ट अधिकार और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी आगे नहीं बढ़ाई जाएंगी। मंजूरी मिलने के बाद ही मैचों का आधिकारिक शेड्यूल जारी किया जाएगा।
अधिक खेल जगत की खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com

