इंदौर। जन्माष्टमी और गोगा नवमी के दौरान राजबाड़ा और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए इंदौर यातायात पुलिस ने 4 और 5 सितंबर को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर रोक रहेगी, जबकि कुछ रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन लेकर जाने से बचें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।
4 सितंबर को मंदिरों में उमड़ेगी भीड़
जन्माष्टमी के मौके पर 4 सितंबर को राजबाड़ा क्षेत्र के बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर और यशोदा माता मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इसके अलावा नरसिंह बाजार स्थित द्वारकाधीश मंदिर, गोराकुंड चौराहे के जानकीनाथ मंदिर और छीपाबाकल क्षेत्र में मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में प्रतियोगियों और दर्शकों की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
5 सितंबर को गोगा नवमी के चलते भी राजबाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
राजबाड़ा क्षेत्र में इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध
- बांके बिहारी मंदिर से गोपाल मंदिर, इमामबाड़ा, सराफा, विजय चाट चौराहा होते हुए यशोदा माता मंदिर तक वाहनों की आवाजाही और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
- शाम 5 बजे के बाद फ्रूट मार्केट चौराहे से राजबाड़ा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- एमजी रोड और मृगनयनी की तरफ से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन फ्रूट मार्केट पार्किंग में खड़े कर पैदल मंदिर जा सकेंगे।
- हरसिद्धि और मच्छी बाजार की ओर से आने वाले वाहन शाम 5 बजे के बाद यशवंत रोड चौराहे से राजबाड़ा की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें यशवंत रोड-आड़ा बाजार-नंदलालपुरा मार्ग से आगे भेजा जाएगा।
- बड़ा गणपति से टोरी कॉर्नर और गोराकुंड होते हुए राजबाड़ा जाने वाले वाहनों को मल्हारगंज थाने के सामने से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन छीपाबाकल-बड़वाली चौकी मार्ग से जा सकेंगे।
- इस ओर से मंदिर आने वाले श्रद्धालु सुभाष चौक पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे।
- रामलक्ष्मण बर्तन बाजार चौराहे से यशोदा माता मंदिर तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालु बाजाज खाना पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल जा सकेंगे।
- नरसिंह बाजार चौराहे से द्वारकाधीश मंदिर की ओर शाम 5 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
सिटी बसों के रूट में भी बदलाव
मृगनयनी और फ्रूट मार्केट की ओर से राजबाड़ा आने वाली सिटी बसें शाम 5 बजे के बाद राजबाड़ा नहीं जा सकेंगी। इनका संचालन संजय सेतु की ओर से किया जाएगा।
वहीं कलेक्ट्रेट और हरसिद्धि की ओर से आने वाली सिटी बसें हरसिद्धि मंदिर चौराहे से आगे राजबाड़ा की ओर नहीं जा सकेंगी।
बड़ा गणपति से एमजी रोड होते हुए राजबाड़ा जाने वाले वाहन चालकों को सुभाष मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए ये रास्ते रहेंगे बेहतर
त्योहार के दौरान राजबाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव को देखते हुए एयरपोर्ट जाने वाले यात्री वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कलेक्ट्रेट- महूनाका-गंगवाल-एयरपोर्ट मार्ग के अलावा विजयनगर-सुपर कॉरिडोर-बिजासन मार्ग से भी एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है।
इन रास्तों से भी कर सकते हैं आवाजाही
नगर निगम की ओर से आने वाले वाहन चालक शिवालय-भागीरथपुरा टी-पोलो ग्राउंड होते हुए परिवर्तित मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
नंदलालपुरा, गुरुद्वारा चौराहा और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को संजय सेतु-चंद्रभागा-हरसिद्धि-जेएनबी-महू नाका मार्ग से संचालित किया जा सकता है।
व्यावसायिक वाहनों पर भी रहेगी रोक
बाजारों में भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए दोपहर बाद से व्यावसायिक वाहन, सिटी बस और ऑटो रिक्शा राजबाड़ा से सुभाष चौक, सराफा और बर्तन बाजार की ओर नहीं जा सकेंगे।
निर्धारित पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख पार्किंग स्थल इस प्रकार हैं:
- कृष्णपुरा छत्री
- सुभाष चौक पानी की टंकी
- संजय सेतु के पास मल्टी लेवल पार्किंग
- बाजाज खाना पार्किंग
आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
जरूरत के अनुसार बदले जा सकते हैं रूट
यातायात पुलिस के मुताबिक भीड़ और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्शन भी लागू किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे धार्मिक आयोजनों के दौरान अनावश्यक रूप से वाहन लेकर भीड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं, निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

