उज्जैन पुलिस ने रविवार को चोरी की अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए कार्रवाई की है। पंवासा और महाकाल थाना पुलिस ने मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के आभूषण के साथ चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।
पंवासा थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी के मामले में फरार चल रहे 19 वर्षीय गजा उर्फ गज्जू लोहार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर करीब 2.20 लाख रुपए कीमत का सोने का हार बरामद किया गया है।
गरोठ ब्रिज के नीचे से पकड़ा गया गज्जू
पुलिस के मुताबिक, सूने मकानों में चोरी के दो मामलों का पहले ही खुलासा हो चुका था। उस दौरान चोरी की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए थे। इन मामलों में गजा उर्फ गज्जू लोहार फरार चल रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गरोठ ब्रिज के नीचे मौजूद है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में गज्जू ने बताया कि कार्तिक बैडवाल ने उसे 11 पत्तियों वाला सोने का हार बेचने के लिए दिया था। आरोपी ने हार अपने घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हार बरामद कर लिया।
बाइक और एक्टिवा चोरी के मामले में गिरफ्तारी
इधर, महाकाल थाना पुलिस ने 10 सितंबर को दर्ज वाहन चोरी के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए पंवासा निवासी विशाल उर्फ मयंक कौशल (19) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर बाइक (MP09AM5169) और होंडा एक्टिवा (MP13ET5577) बरामद की हैं। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपी विशाल को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक आदेश पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अब चोरी की इन वारदातों से जुड़े अन्य लोगों और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
