रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान विद्युत हादसों को रोकने के लिए बिजली विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। रावण भाटा जोनमें नगर संभाग दक्षिण की टीम ने गणेश पंडालों का निरीक्षण कर आयोजकों को सुरक्षित तरीके से बिजली का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने पंडाल संचालकों को अधिकृत अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने की प्रक्रिया भी समझाई। अभियान के दौरान कुल 14 गणेश पंडालों को विद्युत सुरक्षा संबंधी नोटिस दिए गए हैं।
6 पंडालों को मिल चुका अस्थायी कनेक्शन
सहायक अभियंता प्रवीण वर्मा, कनिष्ठ अभियंता आदित्य वाजपेयी और विभागीय कर्मचारियों ने क्षेत्र के गणेश पंडालों का निरीक्षण किया।
आयोजकों को अधिकृत अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन भी उपलब्ध कराए गए। इनमें से 6 पंडालों को अस्थायी विद्युत कनेक्शन जारीकिया जा चुका है। इन पंडालों में मीटर के माध्यम से बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है।
खुले और क्षतिग्रस्त तारों से बचने की सलाह
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडाल संचालकों को बिजली के तार, स्विच बोर्ड और अन्य विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की समझाइश दी।
आयोजकों को क्षतिग्रस्त तारों का इस्तेमाल नहीं करने, खुले तारों से दूरी बनाए रखने और पंडाल की संरचना तथा विद्युत व्यवस्था के बीच पर्याप्त सुरक्षा दूरी रखने के निर्देश दिए गए।
छोटी लापरवाही बन सकती है बड़े हादसे की वजह
सहायक अभियंता प्रवीण वर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान रायपुर में विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करना और श्रद्धालुओं को संभावित हादसों से बचाना है। उन्होंने गणेश पंडालों के आयोजकों से केवल अधिकृत अस्थायी कनेक्शन के जरिए ही बिजली इस्तेमाल करने की अपील की।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि पंडालों में बिजली को लेकर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए सभी आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और विद्युत व्यवस्था में किसी भी तरह की खराबी सामने आने पर तत्काल बिजली विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।



