ग्वालियर: हजीरा थाना क्षेत्र के आरामिल इलाके में बुधवार रात करीब 11:30 बजे पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दो युवकों को गोली मार दी गई। एक युवक के पेट में गोली लगी है, जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी है। पेट में गोली लगने वाले युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हमलावर तीन बदमाश काले रंग की बोलेरो से मौके पर पहुंचे थे। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, कांच मिल निवासी धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर का अन्नू तोमर और सादिक खान से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
बुधवार रात तीनों आरोपी आरामिल इलाके में पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद अचानक गोलियां चलने लगीं, जिसमें अजय और सादिक खान घायल हो गए।
घर के बाहर खड़े युवक के पेट में लगी गोली
घायल अजय ने बताया कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था। विवाद की जानकारी मिलने पर वह मौके की ओर पहुंचा ही था कि गोली चल गई।
एक गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं, सादिक खान के पैर में भी गोली लगी।
आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि घायलों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, फुटेज में धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर की मौजूदगी सामने आई है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश देना शुरू कर दिया है। शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच भी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गोलीबारी की पूरी घटना की जांच कर रही है।
