खंडवा के नर्मदा नगर थाना क्षेत्र के ग्राम गुजरखेड़ी में मोबाइल टावर की केबल काटकर चोरी करने के प्रयास के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय पुनासा में पेश किया गया।
एयरटेल टावर की दो केबल काटकर चोरी का प्रयास
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को ग्राम गुजरखेड़ी स्थित एयरटेल मोबाइल टावर के तकनीशियन छतर सिंह पिता मेहताब सिंह ने नर्मदा नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों ने मोबाइल टावर की दो केबल काटकर चोरी करने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
घटनास्थल और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से भी संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने अपने एक अन्य साथी संजू पिता दौलत सिंह बामणिया के साथ मिलकर मोबाइल टावर की केबल काटने की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से संजू बामणिया फरार है और उसकी तलाश जारी है।
हरदा के रहने वाले, खंडवा में कर रहे थे निवास
टीआई धीरेश धारवाल के अनुसार, मामले में दिलीप पिता रामकृष्ण चौधरी (37) और यशवंत पिता सुंदरलाल देवड़ा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ग्राम डेडगांव, थाना छिपावड़, जिला हरदा के रहने वाले हैं और वर्तमान में गणेश तलाई, खंडवा में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय पुनासा में पेश किया। मामले में फरार तीसरे आरोपी संजू बामणिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।


