दिल्ली में छठ महापर्व से पहले मुनक नहर क्षेत्र के घाटों का निर्माण और सौंदर्यीकरण पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को सिंगलपुर स्थित प्रेमबाड़ी पुल के पास मुनक नहर क्षेत्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी काम समय पर पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जरूरी सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं।
घाटों की सीढ़ियों से लेकर पहुंच मार्ग तक होगी निगरानी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घाटों की सीढ़ियों, पहुंच मार्गों, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुनक नहर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए निर्माण कार्यों के साथ-साथ आसपास की सफाई पर भी ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने घाटों की दीवारों की पेंटिंग और फिनिशिंग समय पर पूरी करने को कहा। साथ ही निर्माण सामग्री और मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
छठ महापर्व के दौरान घाटों के आसपास आकर्षक रोशनी और झालरें लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था और उत्सव का माहौल बनाया जा सके।
हरित पट्टियों और लैंडस्केपिंग पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने मुनक नहर क्षेत्र में पौधरोपण और लैंडस्केपिंग को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्थान के अनुसार हरित पट्टियां तैयार की जाएं, ताकि क्षेत्र को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जा सके।
सड़क, फुटपाथ और पुल के आसपास विकास कार्य करते समय पैदल यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
कचरा प्रबंधन में लापरवाही पर सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों और फुटपाथों पर कचरा जमा नहीं होना चाहिए। कचरे के नियमित संग्रहण और निस्तारण की ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे स्थानीय निवासियों को दुर्गंध और गंदगी से परेशानी न हो।
छठ पर्व को देखते हुए मुनक नहर क्षेत्र में सफाई, निर्माण, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया है।


