भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों और परिचितों ने शनिवार को चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनकी मांग है कि बुजुर्ग महिला की हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
चक्काजाम के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं
परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि इससे पहले भी इलाके में इसी तरह की दो हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
कलरी देवी की हत्या के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक विरोध जारी रखने की बात कह रहे हैं।
मल्टी में अकेली रहती थीं कलरी देवी
75 वर्षीय कलरी देवी पति स्वर्गीय हरिचरण वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में अकेली रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है। उनका एक बेटा मूकबधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है।
शुक्रवार सुबह कलरी देवी की हत्या का मामला सामने आया था। शुरुआती जांच में लूट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए हैं। उनकी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार करे।

