छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवतियों के दो गुटों के बीच मारपीट के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो बहतराई इलाके का बताया जा रहा है, जबकि दूसरा अशोक नगर स्थित अटल आवास का है। दोनों घटनाओं में युवतियां आपस में गाली-गलौज और मारपीट करती नजर आ रही हैं।
दोनों मामले सरकंडा थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनाओं और मारपीट में शामिल युवतियों की पहचान करने में जुटी है।
बहतराई में बहस के बाद बाल खींचकर की मारपीट
पहला वीडियो बहतराई इलाके का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवतियां किसी बात को लेकर आपस में बहस करती दिखाई दे रही हैं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई।
इसके बाद युवतियां एक-दूसरे के बाल खींचने लगीं और थप्पड़, लात-घूंसे मारने लगीं। सड़क पर मारपीट होते देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जबकि कई लोग मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते रहे।
अशोक नगर के अटल आवास में भी भिड़े दो गुट
दूसरा वीडियो अशोक नगर स्थित अटल आवास का बताया जा रहा है। यहां भी युवतियों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई। दोनों वीडियो सामने आने के बाद शहर में घटनाओं को लेकर चर्चा हो रही है।
वायरल वीडियो के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल दोनों घटनाओं में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस थाने में शिकायत नहीं की गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनास्थल और मारपीट में शामिल युवतियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

