हरियाणा के रेवाड़ी में छोटी दीपावली पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिवाली की खरीदारी कर घर लौट रहे युवकों की कार अचानक सामने आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गजेंद्र और सुमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल मोहित को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान गांव मूंदी निवासी गजेंद्र और सुमित के रूप में हुई है। गजेंद्र की जनवरी में अग्निवीर के तौर पर जॉइनिंग होनी थी, जबकि सुमित 12वीं कक्षा का छात्र था। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।
दिवाली की खरीदारी के लिए निकले थे युवक
जानकारी के मुताबिक, गांव मूंदी के तीन युवक गजेंद्र, सुमित और मोहित शनिवार को बलेनो कार से दिवाली की खरीदारी करने निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने की कोशिश में कार चालक ने वाहन मोड़ा, लेकिन कार से नियंत्रण खो गया।
नीलगाय को बचाते समय पेड़ से टकराई कार
जांच अधिकारी संदीप के अनुसार, नीलगाय को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार युवक घायल हो गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने गजेंद्र और सुमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित का इलाज जारी है।
जनवरी में होनी थी गजेंद्र की अग्निवीर जॉइनिंग
हादसे में जान गंवाने वाले गजेंद्र की जनवरी में अग्निवीर के रूप में जॉइनिंग होनी थी। वहीं, सुमित 12वीं कक्षा में पढ़ता था। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में पसरा मातम, पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
हादसे की सूचना मिलने पर खोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों युवकों की मौत की खबर गांव मूंदी पहुंचते ही मातम छा गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे और पुलिस से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।





































