राजस्थान के बीकानेर में सरकारी अस्पताल में प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। महाजन कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शनिवार को 26 वर्षीय कोमल ओझा ने बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी के करीब एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई। नवजात की हालत स्वस्थ बताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। एक महिला नर्स ने डिलीवरी करवाई और प्रसूता की तबीयत बिगड़ने के बाद भी समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं हुए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल परिसर में धरना देकर विरोध जताया।
सूचना मिलने पर सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, देर रात तक परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
पिता बोले- डॉक्टर और इलाज नहीं मिलने से गई बेटी की जान
जानकारी के मुताबिक, कोमल ओझा (26) महाजन कस्बे के वार्ड नंबर 2 निवासी गजानंद ओझा की बेटी थीं। वह इन दिनों अपने पीहर आई हुई थीं। शनिवार दोपहर महाजन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान उन्होंने बेटे को जन्म दिया। इसके करीब एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
कोमल के पिता गजानंद ओझा ने आरोप लगाया कि डिलीवरी के बाद उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई, लेकिन उसे समय पर उचित इलाज नहीं मिला। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टरों की मौजूदगी होती तो बेटी की जान बच सकती थी।
पहले भी डॉक्टरों की कमी को लेकर हुआ था प्रदर्शन
परिजनों के मुताबिक, महाजन CHC में डॉक्टरों की कमी को लेकर करीब छह महीने पहले भी धरना-प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद दो डॉक्टरों की नियुक्ति हुई थी, लेकिन आरोप है कि दोनों नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते थे।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रसव के दौरान मौजूद स्टाफ और इलाज की प्रक्रिया की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अस्पताल में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
सीएमएचओ बोले- संविदा डॉक्टरों को हटाने की कार्रवाई होगी
सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने बताया कि अस्पताल में संविदा पर डॉक्टर नियुक्त हैं, लेकिन घटना के दिन सुबह वे मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि संबंधित डॉक्टरों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है और उनकी जगह दूसरे डॉक्टरों की नियुक्ति की कोशिश की जा रही है।
सीएमएचओ के मुताबिक, प्रसूता की मौत के वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।

