जबलपुर में दीपावली की रात जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस जब आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उनका जुलूस निकाला, तो मृतकों के परिजन भड़क गए। उन्होंने आरोपियों पर हमला करने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपियों को भीड़ से बचाया और उन्हें कांचघर तक पैदल लेकर पहुंचे। इस दौरान मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर आरोपियों की ओर दौड़ पड़ी। वह बार-बार यही कह रही थी, ‘तूने मेरे भाई को क्यों मार डाला।’ मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। सिद्धबाबा मंदिर के पास जुटी भीड़, आरोपियों पर हमले की कोशिश सोमवार रात घमापुर पुलिस ने कार्तिक चौधरी और करण पासी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस आरोपियों को सिद्धबाबा मंदिर लेकर पहुंची, जहां अचानक बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों को देखकर आक्रोशित हो गए और उन्हें मारने के लिए दौड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया और आरोपियों को बचाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आरोपियों को वाहन में बैठाकर वहां से हटाया। इसके बाद कांचघर तक उनका पैदल जुलूस निकाला गया। पुरानी रंजिश और जुआ खेलने को लेकर हुआ था विवाद मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी उर्फ जय कुमार के मुताबिक, दीपावली की रात करीब 1 बजे कार्तिक और करण अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे युवकों के समूह ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और हमला कर दिया। बताया गया कि मुख्य आरोपी 21 वर्षीय प्रिंस चौधरी और मृतकों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दीपावली की रात संत रविदास मंदिर के पास मोहल्ले के लड़कों के इकट्ठा होने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर बहस हुई थी। इसी बीच जुआ खेलने को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। हमले में कार्तिक और करण की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 7 आरोपी गिरफ्तार, 3 की तलाश जारी घमापुर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं और फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में तीन टीमें लगाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीएसपी शशांक गुर्जर के मुताबिक, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली सहित शहर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।