खंडवा जिले में पंचायत उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक-6 और जनपद पंचायत छैगांवमाखन के वार्ड क्रमांक-1 में रिक्त सदस्य पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है।
जिला पंचायत वार्ड-6 के लिए उम्मीदवार 12 नवंबर से नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 19 नवंबर निर्धारित की गई है।
जिला पंचायत वार्ड-6 के लिए कलेक्टर रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त
जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक-6 में सदस्य पद के उपचुनाव के लिए कलेक्टर ऋषव गुप्ता को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ऋषि कुमार सिंघाई सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जनपद पंचायत छैगांवमाखन के वार्ड क्रमांक-1 के उपचुनाव के लिए तहसीलदार याचना दीक्षित को रिटर्निंग अधिकारी और नायब तहसीलदार दीपाली तिरोले को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
19 नवंबर तक सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक जमा होंगे नामांकन
जिला पंचायत वार्ड-6 के लिए नामांकन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 19 नवंबर तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए कलेक्टर कार्यालय के न्यायिक कक्ष में व्यवस्था की गई है।
चुनावी व्यवस्था के लिए 8 कर्मचारियों की ड्यूटी
नामांकन पत्र प्राप्त करने और चुनाव से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन ने 8 कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। अपर कलेक्टर क्षितिज शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारियों में कलेक्टर कार्यालय के सहायक ग्रेड-2 दिलीप हरसूदे, राजेंद्र गंगराडे और सुमित तंवर शामिल हैं। इनके अलावा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के जितेंद्र खतवासे, जिला पंचायत के परियोजना अर्थशास्त्री सीपी मंडलोई, जिला ई-गवर्नेंस के अनिल चंदेल, नगर निगम के अशोक मंडलोई और सहायक भूमि संरक्षण एनवीडीए के जगदीश बोंडे को भी जिम्मेदारी दी गई है।


