हरियाणा के हिसार में CIA-2 थाने के पास एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पहले युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए युवक पास के मेडिकल स्टोर में घुस गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और उसे घेरकर चाकू से कई वार किए।
घटना के दौरान आसपास काफी लोग मौजूद थे, लेकिन एक व्यक्ति को छोड़कर किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। पूरी वारदात मेडिकल स्टोर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
बाइक और ई-रिक्शा से पहुंचे थे युवक
मेडिकल स्टोर संचालक कपिल के मुताबिक, वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक बाइक और ई-रिक्शा पर सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंचे। बाइक पर दो युवक थे, जबकि ई-रिक्शा में तीन से चार लोग सवार थे।
मेडिकल स्टोर के पास पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
युवक को घेरकर सड़क पर पीटा
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, दूसरे पक्ष के युवकों ने बाइक सवार दोनों युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों का ध्यान घटनास्थल की ओर गया।
इसी दौरान एक हमलावर ने चाकू निकालकर एक युवक पर वार कर दिया। जान बचाने के लिए युवक वहां से भागा और पास के मेडिकल स्टोर में घुस गया।
मेडिकल स्टोर के अंदर घुसकर किए चाकू से वार
युवक को मेडिकल स्टोर में घुसता देख हमलावर भी उसके पीछे दुकान के अंदर पहुंच गए। आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। युवक खुद को बचाने के लिए संघर्ष करता रहा।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मेडिकल स्टोर में लगे CCTV कैमरे में हमले की पूरी घटना कैद हो गई है।
पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया
वारदात की सूचना मिलने पर CIA की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल युवक के साथी उसे वहां से ले जा चुके थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस कुछ युवकों को अपने साथ लेकर गई है। फिलहाल घायल युवक और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


