स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजे बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस बार छत्तीसगढ़ के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए किया गया है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी है। इस उपलब्धि में सफाई कर्मचारियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों और शहरवासियों की भागीदारी को अहम माना गया है।
सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों को मिलेगी प्राथमिकता
राष्ट्रीय सम्मान समारोह में हर चयनित शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर बुलाया जाएगा। इनमें सफाई मित्र, स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और स्वच्छता मिशन से जुड़े अधिकारी शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्रालय ने प्रतिनिधिमंडल में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और अभियंताओं को शामिल करने के निर्देश दिए हैं। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।
4751 से अधिक शहरों का 43 संकेतकों पर मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण है। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।
शहरी निकायों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर आकलन किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों का कल्याण शामिल रहा।
देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर शहरों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और GPS आधारित निगरानी के जरिए संपन्न की गई।
पिछली बार रायपुर को मिले थे 11,996 अंक
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में रायपुर ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया था। शहर को कुल 12,500 अंकों में से 11,996 अंक मिले थे।
इस श्रेणी में अहमदाबाद पहले, भोपाल दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर रहे थे। रायपुर को सर्वेक्षण के लिए निर्धारित 10 हजार अंकों में से 9,496 अंक मिले थे।
वहीं, गार्बेज फ्री सिटी (GFC) सर्टिफिकेशन के लिए निर्धारित 1,300 में से पूरे 1,300 अंक और ODF सर्टिफिकेशन के लिए निर्धारित 1,200 में से पूरे अंक मिले थे। इस तरह दोनों सर्टिफिकेशन में रायपुर ने कुल 2,500 अंक हासिल किए थे।









































