छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ट्रैफिक पुलिस के जवानों की मनमानी और वाहन चालकों से अवैध वसूली की शिकायतों पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त कदम उठाया है। नई व्यवस्था के तहत अब यातायात जवान अपनी मर्जी से सड़क पर वाहन रोककर दस्तावेजों की जांच या चालानी कार्रवाई नहीं कर सकेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई के लिए उन्हें आईटीएमएस के जरिए ऑनलाइन ई-चालान भेजना होगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन कर वाहन रोकने वाले जवानों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आउटर और नेशनल हाईवे पर चेकिंग के नाम पर वसूली की शिकायतें
दरअसल, ट्रैफिक पुलिस के कुछ जवानों की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप थे कि शहर के आउटर इलाकों और नेशनल हाईवे पर पेट्रोलिंग या यातायात जांच के नाम पर वाहन चालकों को रोककर परेशान किया जाता है। इस दौरान अवैध वसूली और दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई थीं।
वाहन चालकों ने कई बार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी शिकायतें पहुंचाईं। एसएसपी ने पहले भी बिना अनुमति वाहनों की जांच नहीं करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ जवानों द्वारा चोरी-छिपे चेकिंग किए जाने की शिकायतें मिलती रहीं।
चालान की रसीद बुक जमा कराने के बाद भी नहीं रुकी मनमानी
शिकायतों के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने ट्रैफिक जवानों की चालान रसीद बुक तक जमा करा ली थी। इसका उद्देश्य जवानों को अपनी मर्जी से वाहन रोककर चालान काटने से रोकना था।
इसके बावजूद वाहन जांच के नाम पर परेशान करने और कथित अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती रहीं। कुछ शिकायतें रायपुर स्तर तक पहुंचने की बात भी कही जा रही है।
विशेष जांच अधिकारियों की मौजूदगी में ही होगी
एसएसपी के नए निर्देशों के मुताबिक, किसी विशेष परिस्थिति में वाहनों की जांच जरूरी होने पर ट्रैफिक अधिकारियों, टीआई और संबंधित स्थानीय थाने के प्रभारी की मौजूदगी में ही कार्रवाई की जाएगी। सामान्य दिनों में यातायात जवानों को सड़क पर वाहन रोककर जांच करने की अनुमति नहीं होगी।
जवानों को अब चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने, जाम खुलवाने और आवागमन सुचारू बनाए रखने पर ध्यान देना होगा। इंटरसेप्टर वाहनों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एक ही जगह लंबे समय से तैनात जवान भी निगरानी में
ट्रैफिक पुलिस में कुछ जवान लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। चर्चा है कि कुछ जवान स्थानांतरण के बाद भी दोबारा ट्रैफिक विभाग में अपनी तैनाती करा लेते हैं। अब ऐसे जवानों की कार्यप्रणाली और गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
आईटीएमएस से भेजे जाएंगे ऑनलाइन चालान
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि जवान अब केवल ऑनलाइन चालान करेंगे। वे सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर जांच नहीं कर सकेंगे। यदि कोई वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करता दिखाई देता है, तो जवान उसकी तस्वीर लेकर आईटीएमएस के माध्यम से ई-चालान भेजेंगे।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जवानों की प्राथमिक जिम्मेदारी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। विशेष परिस्थितियों में जांच अधिकारियों की मौजूदगी में ही की जाएगी।








































