इंदौर में पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। जागरूकता अभियान के साथ अब सड़क पर पानी बहाने वाले नागरिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
सोमवार को मुराई मोहल्ला की गली नंबर-2 में सड़क पर पानी बहाने वाले 16 लोगों के चालान बनाए गए।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों को दिए थे निर्देश
दरअसल, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कुछ दिन पहले जोन-12 के वार्ड क्रमांक 62 का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क पर पानी बहता देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों को समझाइश देने और पेयजल की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद उपयंत्री सौरभ समैया, सहायक सीएसआई चेतन, जल प्रदाय विभाग और टीम MUSE ने लगातार दो दिन तक क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को निजी नलों में टोंटियां लगवाने और जलापूर्ति के दौरान पानी सड़क पर नहीं बहाने की समझाइश दी गई।
समझाइश के बाद भी जारी थी पानी की बर्बादी
नगर निगम की ओर से जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ लोग पानी सड़क पर बहा रहे थे। सोमवार सुबह जोनल अधिकारी राहुल सूर्यवंशी के निर्देश पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और 16 नागरिकों के चालान बनाए।
