केंद्र सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने ई-मुद्रा (eMudhra) के डिजिटल सिग्नेचर सॉफ्टवेयर emBridge को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। सॉफ्टवेयर में एक तकनीकी खामी सामने आई है, जिसके कारण कंप्यूटर में सेव फाइलों और फोल्डरों के नाम लीक हो सकते हैं।
एजेंसी ने इस खामी को कम गंभीरता वाली श्रेणी में रखा है। हालांकि, संभावित जोखिम से बचने के लिए यूजर्स को सॉफ्टवेयर का नया वर्जन तुरंत इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है।
क्या काम करता है emBridge सॉफ्टवेयर?
ऑनलाइन सरकारी कामकाज में कागज पर हस्ताक्षर करने के बजाय डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल किया जाता है। emBridge सॉफ्टवेयर कंप्यूटर में मौजूद डिजिटल सिग्नेचर या टोकन को सरकारी वेबसाइटों से जोड़ने में मदद करता है।
इसका इस्तेमाल इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने, कंपनी रजिस्ट्रेशन और सरकारी टेंडर जैसी सेवाओं में किया जाता है।
कैसे लीक हो सकते हैं फाइलों और फोल्डरों के नाम?
CERT-In के मुताबिक, सॉफ्टवेयर के उस हिस्से में सुरक्षा जांच की कमी पाई गई है, जो कंप्यूटर की फाइलों से जुड़े काम संभालता है।
यदि यूजर प्रभावित वर्जन का इस्तेमाल करता है, तो उसी वाई-फाई या ऑफिस नेटवर्क से जुड़ा संभावित हमलावर उसे फर्जी वेबसाइट का लिंक भेज सकता है। यूजर के उस लिंक पर क्लिक करने पर हमलावर को कंप्यूटर में सेव फाइलों और फोल्डरों के नामों की जानकारी मिल सकती है।
डेटा और पासवर्ड पर सीधा खतरा नहीं
एजेंसी के अनुसार, इस तकनीकी खामी से होने वाला संभावित नुकसान सीमित है। हमलावर फाइलों के नाम तो देख सकता है, लेकिन इस खामी के जरिए:
- फाइलों को खोलकर उनका कंटेंट नहीं पढ़ सकता।
- फाइलों में बदलाव या उन्हें डिलीट नहीं कर सकता।
- कंप्यूटर में वायरस इंस्टॉल नहीं कर सकता।
- डिजिटल सिग्नेचर या टोकन का PIN नहीं चुरा सकता।
एक महीने में दूसरी बार सुरक्षा चेतावनी
ई-मुद्रा कंपनी के लिए एक महीने के भीतर यह दूसरी सुरक्षा चेतावनी है। इससे पहले कंपनी के डिजिटल सर्टिफिकेट सिस्टम में भी खामी सामने आई थी। उस समय कंपनी के आठ सर्टिफिकेट में इस्तेमाल होने वाली क्रिप्टोग्राफिक कीज कमजोर पाई गई थीं।
कंपनी का कहना है कि पुरानी और नई दोनों तकनीकी खामियों को ठीक कर दिया गया है।
विंडोज, मैक और लिनक्स यूजर्स रहें सतर्क
CERT-In की एडवाइजरी के मुताबिक, यह खामी विंडोज, Apple Mac और Linux के कुछ वर्जन को प्रभावित करती है। कंपनी ने दावा किया है कि 11 नवंबर को ही सॉफ्टवेयर के प्रभावित हिस्से को हटाकर समस्या ठीक कर दी गई थी।
ई-मुद्रा के अनुसार, उस हिस्से को हटाने के बाद emBridge के जरिए यूजर के कंप्यूटर में मौजूद फाइलों की सूची देखने की संभावना खत्म हो गई है।
यूजर्स क्या करें?
अगर आप डिजिटल सिग्नेचर के जरिए इनकम टैक्स रिटर्न, कंपनी रजिस्ट्रेशन या सरकारी टेंडर से जुड़े काम करते हैं, तो अपने कंप्यूटर में इंस्टॉल emBridge का वर्जन जरूर चेक करें।
सुरक्षित रहने के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से उपलब्ध लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड करके इंस्टॉल करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।
