देशभर के पेट्रोल पंप संचालकों और LPG गैस एजेंसी मालिकों ने अपना कमीशन बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। संचालकों ने पेट्रोलियम मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है कि पंप और गैस एजेंसी चलाने का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि उनके कमीशन में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेट्रोल-डीजल डीलर्स अपने कमीशन में 30% से 40% तक बढ़ोतरी चाहते हैं। वहीं, LPG डीलर्स ने प्रति सिलेंडर मिलने वाले मौजूदा 75 रुपए के कमीशन में कम से कम 122 रुपए की बढ़ोतरी की मांग की है।
पेट्रोल पर ₹1.50 और डीजल पर ₹2.50 कमीशन बढ़ाने का प्रस्ताव
रिपोर्ट्स के अनुसार, पेट्रोल पंप संचालकों ने ईंधन के हिसाब से अलग-अलग कमीशन बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें पेट्रोल पर 1.50 रुपए और डीजल पर 2.50 रुपए प्रति लीटर कमीशन बढ़ाने की मांग शामिल है।
पंप और गैस एजेंसी चलाने का खर्च लगातार बढ़ा
पेट्रोल पंप मालिकों और गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि कर्मचारियों की सैलरी, बिजली बिल, बैंक चार्ज, रखरखाव और प्रशासनिक खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद कमीशन में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है।
कम मार्जिन के कारण खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल पंप संचालकों को अपना खर्च निकालने में परेशानी हो रही है।
2024 में आखिरी बार बढ़ा था कमीशन, 18 से ज्यादा प्रस्ताव लंबित
पेट्रोल और डीजल डीलर्स के कमीशन में आखिरी बार 2024 में बदलाव किया गया था। अब बढ़ती महंगाई और संचालन लागत को देखते हुए डीलर्स फिर से कमीशन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के पास कमीशन बढ़ाने से जुड़े 18 से ज्यादा प्रस्ताव लंबित हैं।
क्या पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर भी होंगे महंगे?
कमीशन बढ़ाने की मांग पर अब पेट्रोलियम मंत्रालय और सरकारी तेल कंपनियों को फैसला लेना है। अगर मांगें स्वीकार होती हैं, तो बढ़े हुए कमीशन का खर्च उठाने के दो विकल्प हो सकते हैं।
पहला, तेल कंपनियां अपने मुनाफे से अतिरिक्त कमीशन का भुगतान करें। दूसरा, इस खर्च को पेट्रोल, डीजल और LPG सिलेंडर की कीमतों में शामिल किया जाए।
अगर अतिरिक्त खर्च का बोझ ग्राहकों पर डाला जाता है, तो आने वाले समय में ईंधन और रसोई गैस की कीमतें बढ़ सकती हैं। हालांकि, फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।





































