दिवाली का फेस्टिव सीजन खत्म होते ही आम लोगों के घरेलू बजट पर महंगाई का दबाव बढ़ने वाला है। कंज्यूमर गुड्स बनाने वाली कंपनियां स्मार्टफोन, टीवी, फ्रिज और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं।
बढ़ती उत्पादन लागत और कच्चे माल की कीमतों के चलते कंपनियां अपने मुनाफे का मार्जिन बचाने के लिए प्रोडक्ट्स महंगे करने के साथ पैकेट का वजन और मात्रा भी घटा रही हैं। इसका सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ सकता है।
रोजमर्रा की चीजें होंगी महंगी, बिस्किट के पैकेट का साइज भी घटेगा
FMCG सेक्टर की कंपनियां लगातार बढ़ती लागत से परेशान हैं। पिछली तिमाही में रिफाइंड पाम ऑयल, चीनी, दूध और पैकेजिंग लेमिनेट्स की कीमतों में 7% तक की बढ़ोतरी हुई है। इसकी भरपाई के लिए कंपनियों ने कीमतें बढ़ाने और पैकेट की मात्रा कम करने का फैसला किया है।
- ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज: कंपनी ने 5 और 10 रुपए वाले प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाने के साथ पैकेट का साइज घटाने के संकेत दिए हैं।
- टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स: कंपनी नमक, सॉस और मसालों के दाम बढ़ा चुकी है। नई कीमतें जल्द ही बाजार में दिखाई देंगी।
- अमूल और ITC: इससे पहले अमूल ने दूध और ITC ने सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी की थी।
ब्रिटानिया के CEO रक्षित हरगावे के मुताबिक, कंपनी पिछली तिमाही में कीमतों में 3.5% की बढ़ोतरी कर चुकी है। इसके साथ ही फिक्स्ड प्राइस वाले पैकेट्स में प्रोडक्ट की मात्रा भी कम की गई है। उन्होंने एनालिस्ट्स के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी आगे भी कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही है और मौजूदा हालात में ऐसा करना जरूरी हो गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज भी होंगे महंगे
स्मार्टफोन, टीवी और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों ने भी कीमतें बढ़ाना शुरू कर दिया है।
- सैमसंग और शाओमी: दोनों कंपनियों ने अपने स्मार्टफोन और टैबलेट की कीमतों में 18% तक की बढ़ोतरी की है।
- टीवी: शाओमी ने टेलीविजन की कीमतों में भी 7% तक इजाफे का ऐलान किया है।
- हायर और गोदरेज: दोनों कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट्स की पूरी रेंज के दाम 7% तक बढ़ाए हैं।
हायर इंडिया के CEO सतीश एनएस ने बताया कि कच्चे माल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं। इससे कंपनियों के मुनाफे पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिक्री 20% से ज्यादा की रफ्तार से बढ़ने के बावजूद बढ़ती लागत के कारण मुनाफा बनाए रखना चुनौती बन गया है।
इस तरह आने वाले दिनों में इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर रसोई में इस्तेमाल होने वाली जरूरी चीजों तक की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

