हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मुक्त विद्यालय (Open School) की सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षा मार्च 2027 के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 6 दिसंबर 2026 कर दी है।
पहले बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। अब विद्यार्थी 300 रुपए विलंब शुल्क के साथ 6 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। यह मौका उन परीक्षार्थियों को दिया गया है, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे।
बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन करना होगा आवेदन
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर संबंधित लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड की ओर से आवेदन से जुड़े सभी जरूरी दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थियों को आवेदन करते समय अपना व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक जानकारी और अन्य जरूरी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है।
अंतिम तारीख से पहले आवेदन करने की अपील
बोर्ड अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन की तारीख बढ़ाई गई है। उन्होंने पात्र परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
आवेदन जमा करने के बाद उसकी पुष्टि करना भी जरूरी है, ताकि किसी तरह की तकनीकी परेशानी या गलत जानकारी के कारण बाद में दिक्कत न हो।
