IDBI बैंक के निजीकरण और इसे कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स को बेचने के प्रस्ताव के खिलाफ बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने विरोध तेज कर दिया है। कर्मचारी संगठनों ने इस सौदे के विरोध में 3 दिसंबर को देशभर में हड़ताल करने का ऐलान किया है।
इस संबंध में यूनाइटेड फोरम ऑफ IDBI एम्प्लॉइज एंड ऑफिसर्स (UFIOE) ने RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा को पत्र लिखकर प्रस्तावित बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि जब तक सौदे की स्वतंत्र जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक RBI विदेशी कंपनी को बैंक का मालिकाना हक और नियंत्रण सौंपने की मंजूरी न दे।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, IDBI को बताया राष्ट्रीय संपत्ति
बैंक कर्मचारी यूनियनों ने केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) से IDBI बैंक की प्रस्तावित बिक्री का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि IDBI बैंक देश की राष्ट्रीय संपत्ति है और इसे किसी विदेशी कंपनी के हाथों में सौंपना उचित नहीं है।
यूनियनों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के संकेत भी दिए हैं।
