इंदौर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब शहर के आम नागरिक भी इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप के जरिए यातायात नियम तोड़ने वालों की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। ऐप पर मिलने वाली शिकायतों का सत्यापन करने के बाद ट्रैफिक पुलिस संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान जारी कर रही है।
इस व्यवस्था की खास बात यह है कि पुलिस अब चालान की जानकारी देने के लिए संबंधित वाहन चालक के घर भी पहुंच रही है। इस दौरान पुलिसकर्मी चालानी कार्रवाई की जानकारी देने के साथ ट्रैफिक साथी ऐप के बारे में जागरूक कर रहे हैं। साथ ही लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी जा रही है।
आम नागरिक सीधे पुलिस तक पहुंचा रहे शिकायत
इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप में सिविलियन रिपोर्ट का फीचर जोड़ा गया है। इसकी मदद से कोई भी नागरिक सड़क पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक की शिकायत पुलिस से कर सकता है। इस फीचर के जरिए पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी प्राप्त शिकायतों और उन पर की जा रही कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।
इन ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की मिल रहीं शिकायतें
ट्रैफिक साथी ऐप पर कई तरह के यातायात उल्लंघनों की शिकायतें दर्ज हो रही हैं। इनमें चलती गाड़ी में मोबाइल फोन का इस्तेमाल, बिना हेलमेट वाहन चलाना, फैंसी या गलत नंबर प्लेट लगाना, सीट बेल्ट नहीं पहनना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और गलत पार्किंग जैसी शिकायतें शामिल हैं।
पुलिस इन शिकायतों की जांच और पुष्टि करने के बाद संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान बना रही है। चालान की सूचना वाहन मालिक को मैसेज या ई-मेल के माध्यम से भी भेजी जा रही है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की भागीदारी बढ़ाकर शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम लगाना है।

