बिलासपुर में अरपा नदी पर बने रामसेतु के सौंदर्यीकरण की योजना फिलहाल रोक दी गई है। अयोध्या की तर्ज पर पुल को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए शासन ने 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए स्वीकृत किए थे। अब इस राशि को लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण पर खर्च करने की तैयारी है। महापौर पूजा विधानी ने रामसेतु प्रोजेक्ट बंद करने और स्वीकृत राशि का उपयोग दूसरे कार्यों में करने की पुष्टि की है।
इस फैसले के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि भगवान श्रीराम के नाम पर स्वीकृत राशि का उद्देश्य बदल दिया गया है। पार्टी ने फैसला वापस लेने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
कांग्रेस ने नगर निगम से पूछे पांच सवाल
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने पत्रकार वार्ता कर रामसेतु परियोजना बंद करने के फैसले पर नगर निगम प्रशासन से पांच सवाल पूछे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए शासन से अलग राशि स्वीकृत हो चुकी थी, डीपीआर तैयार था और टेंडर भी जारी कर दिया गया था, तो फिर परियोजना बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी? पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि राशि का मद बदलने से पहले शासन से अनुमति ली गई है या नहीं।
राम के नाम पर वोट लेते हैं, अब उसी नाम की राशि दूसरी जगह लगा रहे
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई है, लेकिन अब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि दूसरे कामों में लगाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा बताया।
मिश्रा ने कहा कि रामसेतु का नामकरण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और इसके विकास के लिए राशि भी इसी उद्देश्य से स्वीकृत की गई थी। ऐसे में इसका मद बदलने का अधिकार किसे है?
उन्होंने भाजपा के भीतर आपसी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, एमआईसी सदस्यों के आपसी विवाद का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस राशि को रामसेतु के सौंदर्यीकरण पर ही खर्च करने की मांग करेगी।
विधायक को खुश करने लखीराम ऑडिटोरियम संवारेंगे: शैलेष पांडेय
पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम पर जनता से वोट मांगे और रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए राशि भी स्वीकृत हुई, लेकिन अब उसी पैसे से लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन का काम कराने की तैयारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर पूजा विधानी अपने विधायक को खुश करने के लिए रामसेतु के नाम से स्वीकृत राशि ऑडिटोरियम में लगाने की बात कह रही हैं।
पांडेय ने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए राशि स्वीकृत हुई है, उसका इस्तेमाल उसी काम में होना चाहिए। कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ आंदोलन करेगी।
कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था पुल का नामकरण: रामशरण यादव
पूर्व महापौर रामशरण यादव ने बताया कि उनके कार्यकाल में अंग्रेजों के जमाने के पुराने पुल का नामकरण रामसेतु किया गया था। इसके लिए नगर निगम में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ था।
उन्होंने कहा कि अब उसी रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि दूसरी जगह खर्च करने की तैयारी की जा रही है। राशि का उपयोग पुल के विकास में ही होना चाहिए।
रामसेतु को शहर की पहचान बनाने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि रामसेतु के लिए स्वीकृत राशि उसी परियोजना पर खर्च की जाए। पुल का ऐसा सौंदर्यीकरण किया जाए कि वह बिलासपुर की पहचान बन सके। इसके लिए उन्होंने कांच वाला सेतु बनाने का सुझाव भी दिया।
पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने भी राशि का मद परिवर्तन जनता के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि शासन ने जिस उद्देश्य से राशि स्वीकृत की थी, उसे बदलना उचित नहीं है।
जानिए, क्या था रामसेतु सौंदर्यीकरण का प्लान?
राज्य शासन ने 15 जनवरी 2025 को रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए स्वीकृत किए थे। पिल्लेवार एसोसिएट ने परियोजना की डीपीआर तैयार की थी। एमआईसी से प्रस्ताव पारित होने के बाद टेंडर भी जारी किया गया था।
योजना के तहत पुल को अयोध्या की तर्ज पर धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी थी। हालांकि, नगर निगम की एमआईसी में लंबे समय तक विवाद और खींचतान के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
एमआईसी की खींचतान में दो साल अटकी रही परियोजना
रामसेतु सौंदर्यीकरण परियोजना नगर निगम की एमआईसी बैठकों में लगातार विवादों में रही। कई बैठकों में इसे लेकर मतभेद और हंगामे की स्थिति बनी। आरोप है कि एमआईसी सदस्यों के बीच आपसी सहमति नहीं बनने के कारण डीपीआर और टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका।
अब नगर निगम ने परियोजना बंद कर स्वीकृत राशि दूसरे कार्यों में लगाने की तैयारी की है।
ऑडिटोरियम की कुर्सियां, कारपेट और गार्डन के झूले बदलेंगे
महापौर पूजा विधानी के मुताबिक, रामसेतु प्रोजेक्ट बंद कर दिया गया है। अब स्वीकृत राशि से लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
प्रस्तावित कार्यों में लखीराम ऑडिटोरियम की टूटी कुर्सियां बदलना, नए सोफे लगाना, हॉल का पुराना कारपेट बदलना और खराब लाइटों की जगह नई लाइटें लगाना शामिल है।
वहीं, कंपनी गार्डन में टूटे झूलों और खराब उपकरणों को बदला जाएगा। ओपन एयर जिम के खराब उपकरणों की जगह भी नए उपकरण लगाए जाएंगे। इन कार्यों के लिए नगर निगम नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है।

