हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने AI से तैयार वीडियो और तस्वीरों के जरिए मानहानि करने के आरोप में दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी वीडियो या तस्वीर में झूठी और भ्रामक जानकारी होने मात्र से उसे जाली दस्तावेज नहीं माना जा सकता। यदि मामला केवल मानहानि से जुड़ा है, तो पीड़ित व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के सामने निजी शिकायत दर्ज करानी होगी। पुलिस इस आधार पर सीधे एफआईआर दर्ज कर जांच नहीं कर सकती।
मामला बिलासपुर जिले के घुमारवीं थाने में 2 सितंबर 2026 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि फेसबुक पर AI से तैयार वीडियो और तस्वीरें प्रसारित कर उसे और उसके परिवार को बदनाम किया जा रहा है।
वीडियो में सरकारी योजना और नियुक्तियों को लेकर लगाए थे आरोप
शिकायत के अनुसार, वीडियो में दावा किया गया था कि शिकायतकर्ता ने ‘अवर फैमिली, अ हैप्पी फैमिली’ योजना का लाभ अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को दिलाया और इसके बदले पैसे लिए। आरोप यह भी था कि बाद में वह पैसे लेकर भाग गया।
वीडियो में शिकायतकर्ता पर अपनी साली और भाई को गलत तरीके से सरकारी पदों पर नियुक्त करवाने का आरोप भी लगाया गया था।
इन धाराओं में दर्ज हुई थी FIR
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 356(2) और 336(4) के तहत एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान इसमें धारा 353(1)(b) भी जोड़ दी गई।
इसके बाद आरोपी सुरेश कुमार और एक अन्य याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एफआईआर को चुनौती दी।
मानहानि के मामले में मजिस्ट्रेट के सामने शिकायत जरूरी
याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट में दलील दी कि पूरा मामला केवल मानहानि से संबंधित है। कानून के अनुसार, ऐसे मामलों में पीड़ित व्यक्ति को मजिस्ट्रेट के सामने निजी शिकायत करनी होती है। पुलिस सीधे एफआईआर दर्ज कर जांच नहीं कर सकती।
याचिकाकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक रंजिश के चलते मामले में जालसाजी और अन्य धाराएं जोड़ी गईं, ताकि पुलिस जांच का रास्ता बनाया जा सके।
केवल झूठी सामग्री से वीडियो जाली दस्तावेज नहीं बनता: हाईकोर्ट
जस्टिस राकेश कैंथला ने सुनवाई के दौरान कहा कि जालसाजी तभी मानी जाएगी, जब किसी दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को किसी दूसरे व्यक्ति के नाम या अधिकार से तैयार किया गया दिखाया जाए। एफआईआर में ऐसा कोई आरोप नहीं था कि AI वीडियो को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा तैयार किया गया बताया गया हो।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल झूठी या भ्रामक सामग्री होने से किसी वीडियो को जाली दस्तावेज नहीं माना जा सकता।
पुलिस की ओर से जोड़ी गई धारा 353(1)(b) पर कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति पर भ्रष्टाचार या भाई-भतीजावाद के आरोप लगाने वाला वीडियो अपने आप यह साबित नहीं करता कि उससे आम जनता में डर पैदा हुआ या राज्य के खिलाफ अपराध भड़काने की स्थिति बनी।
निजी विवाद में दूसरी धाराएं जोड़कर पुलिस जांच नहीं कर सकती
हाईकोर्ट ने कहा कि जब मामले का मुख्य आरोप मानहानि का है, तो दूसरी संज्ञेय धाराएं जोड़कर पुलिस किसी निजी विवाद की जांच नहीं कर सकती। ऐसा करना कानून की मंशा के विपरीत है।
इन आधारों पर हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए घुमारवीं थाने में दर्ज एफआईआर और उससे जुड़ी आगे की सभी कार्यवाहियों को रद्द कर दिया।





































