धार जिले में जन्म के बाद गंभीर बीमारियों से जूझ रहे एक साल के मासूम की जिंदगी अब नया मोड़ लेने जा रही है। जन्म के बाद माता-पिता उसे अस्पताल में छोड़कर चले गए थे। अब अमेरिका में रहने वाला एक दंपति उसे गोद लेकर अपने परिवार का हिस्सा बनाने जा रहा है।
खास बात यह है कि अमेरिकी दंपति के पहले से दो बच्चे हैं। ऐसे में मासूम को माता-पिता के प्यार के साथ दो भाई-बहनों का साथ भी मिलेगा।
जुड़वां बच्चों को थीं गंभीर बीमारियां, एक की हुई मौत
धार जिले में जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ था। दोनों को थैलेसीमिया, सिकल सेल और हेपेटाइटिस बी एवं सी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं। बच्चों की हालत को देखते हुए उनके माता-पिता उन्हें अस्पताल में छोड़कर चले गए थे।
बाद में दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। उपचार के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा। इलाज के बाद उसकी देखरेख संजीवनी सेवा संस्था में की जा रही थी।
CARA के माध्यम से शुरू हुई गोद देने की प्रक्रिया
महिला एवं बाल विकास विभाग और केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के माध्यम से बच्चे को गोद देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी दौरान अमेरिका में रहने वाले एक दंपति ने उसे गोद लेने की इच्छा जताई।
दंपति पहले से दो बच्चों के माता-पिता हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चे को गोद देने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।
पासपोर्ट और वीजा बनने के बाद अमेरिका जाएगा बच्चा
फिलहाल बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद पासपोर्ट और वीजा से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
अमेरिकी दंपति पहले दिल्ली पहुंचेगा और फिर इंदौर आकर बच्चे से मुलाकात करेगा। सभी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मासूम दंपति के साथ अमेरिका रवाना होगा।
एक साल से चल रही थी प्रक्रिया, हर छह महीने में होगा फॉलोअप
बच्चे को नया परिवार दिलाने के लिए करीब एक साल से कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी। विभागीय जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब 30 बच्चों को विदेशों में गोद दिया जा चुका है।
विदेश में गोद दिए गए बच्चों की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए हर छह महीने में फॉलोअप रिपोर्ट अनिवार्य होती है। इसके जरिए बच्चे की स्थिति और नए परिवार में उसकी देखभाल से जुड़ी जानकारी ली जाती है।

