रायपुर में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने 61 साल की महिला को वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर पहले निवेश से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। इसके बाद कम समय में अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6 लाख 89 हजार 100 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन मोबाइल नंबरों से किया संपर्क, वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा
अमलीडीह के गोल्डन टावर में रहने वाली भावना चंदानी (61) से आरोपियों ने तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों के जरिए संपर्क किया था। इसके बाद उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में शामिल किया गया। ग्रुप में शेयर बाजार और निवेश से जुड़ी जानकारियां साझा की जाती थीं।
इसी दौरान महिला को निवेश करने पर कम समय में अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया गया। आरोपियों के झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 6,89,100 रुपए जमा कर दिए।
रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने बंद किया संपर्क
शुरुआत में आरोपियों की ओर से निवेश को लेकर महिला से बातचीत होती रही। लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उनसे संपर्क भी नहीं हो सका।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। राजेंद्र नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- वॉट्सऐप या टेलीग्राम ग्रुप में मिलने वाले निवेश के ऑफर पर बिना जांच भरोसा न करें।
- कम समय में ज्यादा मुनाफा देने के दावों से सतर्क रहें।
- निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जांचें।
- अनजान लोगों या संस्थाओं के बताए बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर न करें।
- किसी के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें।
- साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।

