इंदौर के चंदन नगर इलाके में मंगलवार को यातायात व्यवस्था की बदहाल स्थिति देखने को मिली। चंदन नगर से अम्मान नगर तक करीब डेढ़ घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को निकलने तक का रास्ता नहीं मिला।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि मरीजों को ले जाने वाली 108 एम्बुलेंस भी इसमें फंस गई। इसके बावजूद मौके पर एम्बुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आया।
हॉर्न बजाते रहे वाहन चालक, गलियों से निकले लोग
जाम में फंसे वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, लेकिन यातायात व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। लोग घंटों तक अपनी गाड़ियों में बैठे परेशान होते रहे। जाम से निकलने के लिए कई वाहन चालकों को आसपास की गलियों का सहारा लेना पड़ा।
चंदन नगर से अम्मान नगर तक रोजाना जाम की समस्या
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि चंदन नगर से अम्मान नगर तक जाम लगना अब रोजमर्रा की समस्या बन गया है। यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
एक वाहन चालक ने बताया, “हम तो देखते आ रहे हैं, खुद गली-गली में से निकलते आ रहे हैं। यहां रोज का यही हाल है।”
मंगलवार को स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। लंबे जाम के कारण आम राहगीरों, वाहन चालकों के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी उठानी पड़ी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से इस मार्ग पर नियमित यातायात व्यवस्था करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि जाम की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती होनी चाहिए।
लोगों ने यह भी मांग की है कि एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को तुरंत रास्ता दिलाने की व्यवस्था की जाए, ताकि जाम के कारण किसी मरीज की जान जोखिम में न पड़े।









































