महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने चीन को 6-2 से शिकस्त दी। दिन के तीसरे मैच में मिली इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की। टीम 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर बनी हुई है।
बरखेड़ा नाथू स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए पहले मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया। वहीं, दूसरे मैच में जापान ने मलेशिया को 3-1 से शिकस्त दी। जापान की टीम ने भी लगातार चौथा मैच जीता।
भारत ने पहले क्वार्टर में ही बनाई मजबूत बढ़त
चीन के खिलाफ भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में ही भारत ने तीन गोल दागकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दीपिका ने मैच के 59वें सेकंड (00:59) में गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने छठे मिनट (05:59) और 13वें मिनट (13:09) में भी गोल किए।
लालरेमसियामी ने 18वें मिनट (18:50) में और नेहा ने 21वें मिनट (21:21) में गोल कर भारत की बढ़त 5-1 कर दी।
तीसरे क्वार्टर में रानी साक्षी ने 37वें मिनट (37:28) में छठा गोल दागा। चीन की ओर से फेंग किंगमियाओ ने 14वें मिनट में गोल किया, जबकि चेन टोंग ने 33वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला।
आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हुआ। इस तरह भारत ने मुकाबला 6-2 से अपने नाम कर लिया।
जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में जापान ने मलेशिया को 3-1 से शिकस्त दी। जापान की ओर से मारुयामा निको ने 31वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद मुरायामा हिरोका ने 50वें और हिरामित्सु आइ ने 57वें मिनट में गोल कर टीम की बढ़त 3-0 कर दी।
मलेशिया की ओर से अजहेरी अजमायरा ने 50वें मिनट में गोल किया, लेकिन टीम हार से नहीं बच सकी। इस जीत के साथ जापान ने भी टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की।
कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया
दिन के पहले मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल कोरिया की पार्क सेउंगए (PARK Seungae) ने 25वें मिनट में किया।
थाईलैंड की टीम पूरे मुकाबले में गोल नहीं कर सकी। दोनों टीमों को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन थाईलैंड उन्हें गोल में बदलने में नाकाम रहा। कोरिया ने अपनी एक गोल की बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला जीत लिया।

