सतगुरु कबीर साहब के परम शिष्य धनी धर्मदास जी साहब का प्रगटोत्सव और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सद्गुरु कबीर धाम अमलेश्वर का स्थापना दिवस श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर धाम में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कबीर पंथ के अनुयायियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में गुरु गोस्वामी भानुप्रताप साहब का धाम में आगमन हुआ। उनके सानिध्य में श्रद्धालुओं ने दर्शन और बंदगी कर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु के आगमन पर अनुयायियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
सात्विक यज्ञ, चौका और आरती का आयोजन
धार्मिक आयोजन के दौरान सात्विक यज्ञ, चौका और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। पूरे धाम परिसर में दिनभर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन भंडारे की व्यवस्था की गई थी। भंडारा लगातार चलता रहा, जिसमें रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
यह आयोजन सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली सेवा समिति, SKDV मिशन, नवयुवक मंडल और अमीन माता महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
