छत्तीसगढ़ के चर्चित DMF घोटाले में पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने 25 नवंबर को यह फैसला सुनाया। इससे पहले 18 नवंबर को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
ED का आरोप- पसंदीदा फर्मों को दिलाए गए ठेके
ED के अनुसार, जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जारी की जाती है। जांच में आरोप लगाया गया कि सरकारी पद और अधिकारियों पर प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनिंदा फर्मों को काम दिलाया गया। इसके बदले 20 से 25 प्रतिशत तक कमीशन वसूला गया।
47.17 करोड़ रुपए के भुगतान का मामला
ED ने कोर्ट में बताया कि DMF की बड़ी राशि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के माध्यम से खर्च की गई। एजेंसी का आरोप है कि अनिल टुटेजा ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर ललित भंसाली, यश नाहटा और सतपाल सिंह चाबड़ा से जुड़ी फर्मों को काम दिलाने में भूमिका निभाई।
जांच के दौरान मां गंगा एंटरप्राइजेज और यश एंटरप्राइजेज को वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच करीब 47.17 करोड़ रुपए का भुगतान किए जाने की बात सामने आई।
व्हाट्सऐप चैट और कारोबारियों के बयानों को बनाया आधार
सुनवाई के दौरान ED ने टुटेजा के मोबाइल की फोरेंसिक जांच में मिले व्हाट्सऐप चैट, कारोबारियों के बयान और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज कोर्ट में पेश किए। एजेंसी का दावा था कि इन सबूतों से ठेके दिलाने और कमीशन वसूली में टुटेजा की भूमिका सामने आती है।
वहीं, टुटेजा की ओर से इन आरोपों को निराधार बताया गया। उनके वकीलों ने दलील दी कि वे DMF से जुड़े विभाग में पदस्थ नहीं थे और उनके खिलाफ कोई प्रत्यक्ष मनी ट्रेल भी नहीं है। बचाव पक्ष ने अन्य आरोपियों को मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत देने की मांग की थी।
कोर्ट ने कहा- अग्रिम जमानत देने का आधार नहीं
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों, व्हाट्सऐप चैट और संबंधित लोगों के बयानों से प्रथम दृष्टया अनिल टुटेजा की भूमिका सामने आती है। मामले की गंभीरता और उनकी कथित भूमिका को देखते हुए अग्रिम जमानत देने का कोई आधार नहीं बनता।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दूसरे आरोपियों को मिली नियमित जमानत का लाभ टुटेजा को नहीं दिया जा सकता। अन्य आरोपियों को लंबे समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के आधार पर राहत मिली थी, जबकि टुटेजा ने गिरफ्तारी से पहले अग्रिम जमानत की मांग की थी।
ट्रायल की सुनवाई पर नहीं पड़ेगा असर
एकलपीठ ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि जमानत आवेदन पर की गई टिप्पणियों का मुख्य मुकदमे की सुनवाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ट्रायल कोर्ट मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्वतंत्र रूप से फैसला करेगा।


