इंदौर में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ जल संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश देने के लिए 29 नवंबर को ‘वन इंदौर रन इंदौर’ मैराथन आयोजित की जाएगी। दशहरा मैदान से शुरू होने वाली इस मैराथन में करीब 25 हजार धावकों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 15 हजार से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में यूनाइटेड इंदौर के बैनर तले लगातार दूसरे साल यह आयोजन किया जा रहा है। मैराथन के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व भारतीय फुटबॉलर रणजीत बजाज और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल होंगे।
10, 5 और 3 किलोमीटर की दौड़ में दौड़ेंगे प्रतिभागी
महापौर ने बताया कि मैराथन में तीन श्रेणियां रखी गई हैं। 10 किलोमीटर की दौड़ में पेशेवर और अनुभवी धावक हिस्सा लेंगे। इसमें दिल्ली, मुंबई, राजस्थान सहित मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों से प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं, 5 किलोमीटर की दौड़ फिटनेस प्रेमियों और आम लोगों के लिए होगी। 3 किलोमीटर की फैमिली रन में परिवार के सदस्य एक साथ दौड़कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।
10 KM दौड़ के विजेता को 15 हजार रुपए का पुरस्कार
मैराथन के दौरान दौड़ के अलावा जुम्बा सहित कई फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। 10 किलोमीटर की श्रेणी में पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 15 हजार और दूसरे स्थान पर रहने वाले को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। 5 और 3 किलोमीटर की श्रेणियों में भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
मेडिकल टीम, सुरक्षा और पार्किंग के इंतजाम
आयोजकों की ओर से प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेडिकल टीम, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग के इंतजाम किए जा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को गुडी बैग भी दिया जाएगा।
स्वच्छता की तरह फिटनेस को भी जनआंदोलन बनाने की तैयारी
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि ‘वन इंदौर रन इंदौर’ सिर्फ मैराथन या खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इसके जरिए शहरवासियों को स्वास्थ्य, जल संरक्षण और नशामुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों से जोड़ने की पहल है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने जनभागीदारी से अपनी पहचान बनाई है। इसी भावना के साथ फिटनेस, जल संरक्षण और नशामुक्ति को भी जनआंदोलन बनाना है। इसके लिए शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट पर भी साधा निशाना
महापौर ने नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट पर निशाना साधते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से निगमकर्मी को थप्पड़ मारना और उसका मनोबल तोड़ना गलत है। उन्होंने कहा कि शहर को आगे बढ़ाने में निगम कर्मचारियों की अहम भूमिका है और उनके साथ इस तरह का व्यवहार अन्याय है।
भार्गव ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष अपने ही वार्ड में अवैध ठेले हटाने के लिए आवेदन देती हैं, जबकि दूसरी ओर निगम कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार करती हैं।
कम बारिश से भूजल स्तर गिरा, पानी की व्यवस्था सुधारने पर काम
शहर में पानी की समस्या को लेकर महापौर ने कहा कि कम बारिश के कारण भूजल स्तर में गिरावट आई है। इससे निपटने के लिए नए हाइड्रेंट बनाए जा रहे हैं और पानी के वितरण तंत्र को बेहतर करने का काम किया जा रहा है।


