इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से हटाई गई सब्जी मंडी को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर विवाद की स्थिति बन सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में फूटी कोठी पहुंच रहे हैं। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि पटवारी खुद यहां सब्जी की दुकान लगाकर बैठेंगे और विक्रेताओं के साथ मिलकर मंडी शुरू कराएंगे।
पटवारी के दौरे को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। फूटी कोठी ब्रिज तक पहुंचने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। पुलिस की कोशिश है कि पटवारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ब्रिज के नीचे तक पहुंचने से रोका जाए। ऐसे में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की आशंका जताई जा रही है।
महापौर के पुराने वादे पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव के पुराने वादे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महापौर ने सब्जी विक्रेताओं को ससम्मान ब्रिज के नीचे जगह देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ।
चौकसे ने सवाल किया कि क्या शहर के प्रथम नागरिक के वादे का नगर निगम, निगम कमिश्नर और सरकार की नजर में कोई महत्व नहीं है? उन्होंने कहा कि शहर के कई ब्रिज के नीचे बने बोगदों में सब्जी और फल विक्रेता कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में फूटी कोठी ब्रिज के पास वर्षों से कारोबार कर रहे विक्रेताओं को हटाना उनके साथ अन्याय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर की घोषणा के बावजूद निगम प्रशासन ने विक्रेताओं के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की।
मंडी शुरू होने तक जारी रहेगा कांग्रेस का विरोध
चिंटू चौकसे ने कहा कि कांग्रेस गरीबों, दलितों और शोषित वर्ग के साथ खड़ी है। नेता प्रतिपक्ष, पार्षद और पूरी कांग्रेस पार्टी सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में संघर्ष कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि उन परिवारों की रोजी-रोटी बचाना है, जिनका घर इसी कारोबार से चलता है।
चौकसे ने चेतावनी दी कि जब तक सब्जी मंडी विधिवत रूप से शुरू नहीं होती, कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने महापौर और विधायक से अपील की कि वे अब भी विक्रेताओं के लिए उचित स्थान पर मंडी की व्यवस्था करें।
दो दिन पहले निगम की कार्रवाई के दौरान हुआ था विवाद
मंडी हटाने को लेकर बुधवार को नगर निगम की कार्रवाई के दौरान विवाद हुआ था। इस दौरान निगम के नेता प्रतिपक्ष ने एक निगमकर्मी को थप्पड़ मार दिया था। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस के नेतृत्व में ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी लगाई गई थी।
अब शुक्रवार को जीतू पटवारी के फूटी कोठी पहुंचने और खुद सब्जी की दुकान लगाने के ऐलान के बाद मामला फिर गरमा सकता है।
ऐसी ही ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए पढ़ते रहें Desh Har Pal वेबसाइट।

