नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा करीब सुबह 11 बजे श्री पैलेस मैरिज गार्डन के बाहर हुआ, जब गार्डन के कर्मचारी एक बड़ी सीढ़ी को रोड की तरफ ले जा रहे थे। इसी दौरान सीढ़ी गेट के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद शवों से धुआं निकल रहा था और पूरा इलाका दहशत में आ गया।
कैसे हुआ हादसा?
गाडरवाड़ा थाना प्रभारी विक्रम रजक ने बताया कि गार्डन के गेट के पास कर्मचारी सीढ़ी को धकेल रहे थे, जो ऊपर से जा रही बिजली की लाइन से छू गई।
छह मजदूर करंट की चपेट में आ गए, जिनमें से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बुरी तरह झुलस गए। एक को गंभीर हालत में नरसिंहपुर रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान
- पीयूष मेखवाल (21) – निवासी परदेशीपुरा, इंदौर
- राजू साहू (24) – निवासी पलोटनगंज, गाडरवाड़ा
- संतोष पाली (31) – निवासी स्टेशन के पास, गाडरवाड़ा
घायलों की स्थिति
- आशाराम जाटव (60) – खेरीटोला, गाडरवाड़ा
- आशीष कौरव – गाडरवाड़ा निवासी
- पूरनलाल जाटव (30) – राजेंद्र बाबू वार्ड, गाडरवाड़ा
स्थानीयों में आक्रोश, बिजली विभाग पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोग बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि इतनी खतरनाक हाईटेंशन लाइन को बिना सुरक्षा उपायों के खुले में क्यों छोड़ा गया?

सीएम ने की मदद की घोषणा(deshharpal)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया है और घोषणा की है कि
- मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए
- घायलों के परिवार को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।
श्री पैलेस गार्डन के मालिक प्रकाश काबरा सवालों के घेरे में
यह गार्डन प्रकाश काबरा का है, जो गाडरवाड़ा के एक बड़े व्यापारी और सामाजिक कार्यकर्ता माने जाते हैं। अब लोगों का सवाल है कि हादसे के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है — बिजली विभाग या आयोजन स्थल के मालिक?
