Bhopal: भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र स्थित सुभाष विला कॉलोनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। एम्स भोपाल में कार्यरत 34 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर ने अपने दोनों बच्चों को स्कूल भेजने के कुछ देर बाद घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद स्कूल से लौटे आठ वर्षीय बेटे और तीन वर्षीय बेटी की मासूम पुकार—“हमें मम्मा के पास जाना है”—ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली थीं। करीब दो महीने पहले उनके पति ने तमिलनाडु में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ भोपाल आ गई थीं। उन्होंने बच्चों का स्थानीय स्कूल में दाखिला कराया था और उनकी देखभाल के लिए एक केयरटेकर भी रखा था।
सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के बाद उन्होंने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। कुछ देर बाद केयरटेकर ने नाश्ता तैयार होने पर उन्हें आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला फंदे से लटकी मिलीं। सूचना मिलने पर एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के तमिलनाडु से भोपाल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में पति की मौत के बाद महिला के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
deshharpal.comअधिक जानकारी के लिए विजिट करें:



