विश्व शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी जुडित पोलगर जल्द ही हंगरी की राष्ट्रपति बन सकती हैं। हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने उन्हें राष्ट्रपति पद संभालने का प्रस्ताव दिया है। प्रधानमंत्री ने फेसबुक पोस्ट के जरिए घोषणा करते हुए कहा कि वह जुडित पोलगर के नाम का प्रस्ताव राष्ट्रपति पद के लिए रखेंगे।
49 वर्षीय जुडित पोलगर को दुनिया की सबसे महान महिला शतरंज खिलाड़ियों में गिना जाता है। उन्होंने महज 15 साल और 4 महीने की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया था। इसी वर्ष उनके जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘द क्वीन ऑफ चेस’ भी रिलीज हुई है।
महिला वर्ग की बजाय ओपन टूर्नामेंट चुने
जुडित ने छह साल की उम्र से शतरंज खेलना शुरू किया और अपने पूरे करियर में महिला प्रतियोगिताओं की बजाय ओपन टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेना पसंद किया। उन्होंने पुरुष खिलाड़ियों के खिलाफ भी लगातार मुकाबले खेले। वर्ष 2005 में वह विश्व शतरंज रैंकिंग में आठवें स्थान तक पहुंचीं, जो किसी महिला खिलाड़ी की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग मानी जाती है। वह 2700 से अधिक एलो रेटिंग हासिल करने वाली पहली और इकलौती महिला खिलाड़ी भी हैं।
कई विश्व चैंपियनों को दी मात
जुडित पोलगर ने सबसे कम उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर बॉबी फिशर का रिकॉर्ड तोड़ा था। अपने करियर में उन्होंने गैरी कास्पारोव, विश्वनाथन आनंद, अनातोली कार्पोव, बोरिस स्पास्की और मैग्नस कार्लसन समेत 11 विश्व चैंपियनों को क्लासिकल या रैपिड मुकाबलों में हराया।
26 साल तक रहीं दुनिया की नंबर-1 महिला खिलाड़ी
जुडित 1 फरवरी 1989 से 1 मार्च 2015 तक लगातार 26 साल 28 दिनों तक महिला विश्व रैंकिंग में नंबर-1 रहीं। उन्होंने पांच बार शतरंज ओलंपियाड का खिताब जीता और उन्हें हंगरी के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल ‘ऑर्डर ऑफ सेंट स्टीफन’ से भी सम्मानित किया गया।
भारतीय खिलाड़ियों की भी कर चुकी हैं तारीफ
मार्च 2026 में दिए एक इंटरव्यू में जुडित पोलगर ने कहा था कि अगली बड़ी महिला शतरंज खिलाड़ी भारत से निकल सकती है। उन्होंने भारतीय जूनियर खिलाड़ियों और देश में तेजी से बढ़ रहे शतरंज के स्तर की सराहना की थी।
प्रधानमंत्री बोले- देश को ऐसी राष्ट्रपति चाहिए जिस पर हर नागरिक गर्व करे
प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने कहा कि हंगरी को ऐसी राष्ट्रपति की जरूरत है जो देश को एकजुट कर सके और जिस पर हर नागरिक गर्व महसूस करे। उन्होंने कहा कि जुडित पोलगर ने अपनी पहचान राजनीति से नहीं, बल्कि प्रतिभा, मेहनत और ईमानदारी के दम पर बनाई है। यदि वह यह जिम्मेदारी स्वीकार करती हैं तो यह पूरे देश के लिए सम्मान की बात होगी।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:deshharpal.com



